लुधियाना
दिनेश मौदगिल
शहर के युवा राहुल कालिया की पंजाबी फिल्म मिठ्ठा जहर की स्पैशल स्क्रीनिंग लुधियाना में की गई, जिसमें सिनेमा हाल में मौजूद सिनेप्रेमियों ने फिल्म की खूब तारीफ की। इस अवसर पर फिल्म के कई कलाकार भी मौजूद रहे। इसके साथ ही यह फिल्म पंजाब में रिलीज़ हुई और फिल्म को अच्छा रिस्पांस मिला। फिल्म की खास बात यह है कि इस फिल्म में लीड रोल निभाने के साथ-साथ इस फिल्म की कहानी को लिखा भी राहुल कालिया ने ही है। फिल्म के निर्माता और निर्देशक बलविंदर कालिया है, जबकि को प्रोड्यूसर अनीता कालिया है।
फिल्म के निर्देशक बलविंदर ने बताया कि फिल्म का विषय कुछ हटकर है और यह फिल्म एक खास संदेश देती है कि वर्तमान माहौल में जल्द अमीर बनने के चक्कर में शार्टकट रास्ते अपनाने का अंत बुरा ही होता है। फिल्म की शूटिंग चंडीगढ़ के अलावा पंजाब के लुधियाना, खरड़ और फगवाड़ा में की गई है। फिल्म में अभिनेत्री रूह संघा, पूनम सूद, करम कौर सहित रंजीत रियाज, रविंद्र मंड, चमकौर एस सोहल, पाली मांगट आदि ने भी अहम रोल निभाया है।
उन्होंने बताया कि राहुल इससे पहले कुछ शॉर्ट फिल्में कर चुके हैं और बड़े पर्दे पर यह उनकी पहली फिल्म है। 28 वर्षीय राहुल ने एमबीए की पढ़ाई की है और उनकी सोच यह है कि विदेश जाने की बजाय पंजाब की धरती पर ही मेहनत करके तरक्की की जाए। फिल्म का संगीत सुनील वर्मा ने दिया है।