मेयर इंदरजीत, विधायक पराशर, बग्गा, भोला, डिप्टी मेयर राकेश सहित कई नेता हुए शोभायात्रा में शामिल
लुधियाना
दिनेश मौदगिल
भगवान परशुराम जी के अवतार दिवस के उपलक्ष्य में 13वीं विशाल शोभा यात्रा बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। यह शोभा यात्रा ब्राह्मण कल्याण बोर्ड (पंजाब सरकार) के चेयरमैन पंकज शारदा की अध्यक्षता में स्थानीय दरेसी मैदान से शुरू हुई। शोभायात्रा का आयोजन भगवान परशुराम सेवक संघ और सर्व ब्राह्मण परिषद के विशेष सहयोग से किया गया।

शोभा यात्रा में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया । इस अवसर पर विधायक अशोक पराशर पप्पी, विधायक चौधरी मदन लाल बग्गा, विधायक दलजीत सिंह भोला ग्रेवाल, मेयर प्रिंसिपल इंद्रजीत कौर, पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु, पंजाब भाजपा के खजांची गुरदेव शर्मा देबी, जिला भाजपा अध्यक्ष रजनीश धीमान, भाजपा नेता विपन विनायक, समाज सेवक डिंपल राणा, समाज सेवक पवन ठाकुर पम्मी, दीपांकर शर्मा, महंत दिनेश पुरी,बाबा मीना शाह ,एडवोकेट परोपकार सिंह घुम्मन,पंकज सूद,राजकुमार शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे ।

दरेसी मैदान से शुरू हुई इस शोभायात्रा का जगह जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। शोभा यात्रा के दौरान भव्य झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं, जिनमें भगवान परशुराम के जीवन और उनके पराक्रम को दर्शाया गया । भक्तों ने भजन-कीर्तन करते हुए पूरे मार्ग में श्रद्धा का वातावरण बनाया। जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए जलपान और प्रसाद की व्यवस्था भी की गई थी । इस मौके पर विधायक मदन लाल बग्गा, अशोक पराशर पप्पी, दलजीत भोला ग्रेवाल, मेयर इंद्रजीत कौर और पंकज शारदा ने संयुक्त रूप से कहा कि भगवान परशुराम त्याग, साहस और धर्म की रक्षा के प्रतीक हैं ।

उनके जीवन से हमें अन्याय के खिलाफ खड़े होने और समाज में सत्य व न्याय की स्थापना के लिए प्रेरणा मिलती है । उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं । उन्होंने आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।