लुधियाना
दिनेश मौदगिल
शहीद- ए -आज़म भगत सिंह, शहीद राजगुरु और शहीद सुखदेव के शहीदी दिवस के मौके पर डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन द्वारा स्थानीय जगराओं पुल पर स्थापित शहीदों के बुतों को श्रद्धा के फूल भेंट किए गए। इस अवसर पर उनके साथ एडिशनल डिप्टी कमिश्नर पूनम सिंह के अलावा जिला प्रशासन के कई सीनियर अधिकारी मौजूद थे। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि शहीद भगत सिंह, शहीद राजगुरु और शहीद सुखदेव जी ने देश की खातिर अपनी जान कुर्बान की और देशवासी हमेशा उनके ऋणी रहेंगे। उन्होंने नौजवानों को देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए हमारे महान नायकों द्वारा दी महान कुर्बानी से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि इस दिन को युवा सशक्तिकरण दिवस के तौर पर भी मनाया जाता है क्योंकि भारत विश्व में नौजवानों की सबसे ज्यादा आबादी वाला देश है और उनके कंधों पर एक बड़ी जिम्मेदारी बनती है कि वह भारत को विश्व शक्ति बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि समाज, प्रशासन और राष्ट्र हमेशा उन शहीदों के शुक्रगुजार रहेंगे जिन्होंने भक्ति की भावना के साथ अपने देश की प्रभुसत्ता की रक्षा के लिए सेवा की।