डायरेक्टर, एक्टर होने के साथ समाज सेवा की भी है लगन
लुधियाना 10 मार्च
दिनेश मौदगिल
लुधियाना का बेटा दीप जोशी पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री का एक जोशीला चेहरा ही नहीं बल्कि उनमें समाज सेवा की भी पूरी लगन है। अपनी अदाकारी के दम पर टेलीविजन और पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में अपना एक अलग मुकाम बनाने वाले दीप एक फिल्म एक्टर ही नहीं बल्कि एक निर्देशक और फिल्म लेखक भी हैं। उन्होंने थिएटर और टेलीविज़न में मास्टर डिग्री प्राप्त करने के पश्चात् कलाकारी को केवल करियर नहीं, बल्कि समाज सेवा से जुड़ने का रास्ता भी बनाया।

सुपरहिट पंजाबी फिल्म ‘बुर्रा’ की ना केवल उन्होंने कहानी ही लिखी बल्कि फिल्म में एक एक्टर के तौर पर सफल अभिनय भी किया। इस फिल्म से उनकी सफलता के रस्ते पूरी तरह से खुल गए। दीप ने इसके बाद ‘बठिंडा एक्सप्रेस’ में लीड रोल निभाया, साथ ही फिल्म का निर्देशन भी किया। इस फिल्म से दीप ने इंडस्ट्री में ऑलराउंडर होने का परिचय भी दिया। इसके अलावा दीप ने बतौर लीड एक्टर ‘जुगनी यारां दी’ और ‘मित्रां नू शौंक हथियारां दा’ जैसी फिल्मों में दमदार अभिनय करके अपनी एक अलग पहचान बनाई और सिनेप्रेमियों ने उनकी अदाकारी की जमकर तारीफ की। मुम्बई में रहने वाले लुधियाना के पुत्र दीप जोशी टेलीविज़न की दुनिया में अपना खूब नाम बनाया। उन्होंने कलर्स टीवी के लोकप्रिय धारावाहिक ‘मेघा बरसेंगे’ और ज़ी टीवी के ‘चलदी का नाम गाड़ी’ में उनकी दमदार अदाकारी को खूब सराहना मिली।
आगामी समय में वह एक अन्य पंजाबी फिल्म में नजर आएंगे। 1947 की पृष्ठभूमि पर आधारित पीरियड ड्रामा उनकी यह फिल्म ‘सुरमेदानी’ भी पूरी हो चुकी है, जिसका सिनेप्रेमी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
अपने प्रोफेशन फिल्म इंडस्ट्री के साथ दीप जोशी समाज सेवा की लगन भी दिल में रखते हैं। सामाजिक गतिविधियों में भी वह बढ़चढ़ कर भाग लेते हैं। वह युवा कल्याण, सामाजिक जागरूकता और समाज सुधार से जुड़े अभियानों में लगातार योगदान देते रहे हैं। उनका कहना है कि कला का असली उद्देश्य समाज को बेहतर दिशा देना है, और इसी सोच के साथ वे हमेशा कुछ सकारात्मक करने के लिए तत्पर रहते हैं। कला और समाजसेवा का संगम दीप दोनों क्षेत्रों में संतुलन बनाकर आगे बढ़ रहे हैं। वर्तमान समय में वह युवाओं के लिए एक प्रेरणा हैं।
दीप अपने शहर लुधियाना से बहुत प्यार करते हैं और इसी के चलते उन्होंने कुछ महीने पहले लुधियाना में अपने नए प्रोडक्शन हाउस ‘Camx Films’ को शुरू किया। इसका मुख्य उद्देश्य नए और उभरते कलाकारों को फिल्म इंडस्ट्री की बारीकियां समझाना और उन्हें एक सशक्त मंच प्रदान करना है।